अयोध्या/लखनऊ [26 जून 2026]:

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह के साथ अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमानगढ़ी और भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और जमीन खरीद में गड़बड़ी के विवाद के बीच केजरीवाल का यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद गरमा गया है। इस दौरान ‘आप’ नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला।

एसआईटी (SIT) महज एक धोखा और दिखावा’ – केजरीवाल

दर्शन के लिए निकलने से पहले अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए योगी सरकार द्वारा गठित की गई जांच टीम (SIT) पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा:

“करोड़ों भक्तों ने अपनी गाढ़ी कमाई से भगवान राम के चरणों में दान दिया था। वहां हीरे-जवाहरात, 200 करोड़ रुपये कैश और 200 किलो चांदी चोरी होने की बात सामने आ रही है। इससे देश का हर सनातनी दुखी है। बीजेपी सरकार ने जो SIT बनाई है, वह सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंकने और बड़े लोगों को बचाने का एक कानूनी ढोंग है। इस SIT के पास जांच करने का कोई वास्तविक अधिकार ही नहीं है।”

संजय सिंह ने SIT को सौंपे 11 सेट सबूत, उठाए सवाल

इससे पहले, गुरुवार को संजय सिंह ने लखनऊ में SIT प्रमुख विजय विश्वास पंत से मुलाकात कर जमीन खरीद और चंदे में हेरफेर से जुड़े 11 सेट दस्तावेज सौंपे।

आज अयोध्या में बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा:

“अरविंद केजरीवाल जी अयोध्या आए तो आनंद-फानन में FIR दर्ज कर ली गई। आखिर इतने दिनों से कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही थी? चंदा चोर पार्टी अभी भी बड़े डकैतों को क्यों बचा रही है? निर्माण कार्य, जमीन खरीद और चढ़ावे में चोरी करने वाले मोदी जी के करीबी लोग कब जेल जाएंगे?”

आनन-फानन में दर्ज हुई FIR पर सियासत तेज

अरविंद केजरीवाल के अयोध्या दौरे के ठीक एक दिन पहले, 25 जून 2026 को यूपी सरकार के निर्देश पर राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। ‘आप’ नेताओं का आरोप है कि सरकार ने केजरीवाल के डर से और मामले को दबाने के लिए यह जल्दबाजी दिखाई है, जबकि मुख्य आरोपियों पर अब भी हाथ नहीं डाला जा रहा है।

इस दौरे के बाद से अयोध्या से लेकर दिल्ली तक की सियासत में उबाल आ गया है। बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा है कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है और सरकार इस मामले में पारदर्शी तरीके से कड़ी कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!