​भोपाल। राजधानी भोपाल में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से मिली शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के आधार पर प्रशासन की टीम ने प्रमुख प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता की जांच के लिए कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने विधिवत सील कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

​मिठाई में कीड़े मिलने की शिकायत पर पहुंची टीम

कोलार रोड के मंदाकिनी स्क्वायर स्थित ‘टेस्ट ऑफ छेना’ प्रतिष्ठान के संबंध में शिकायत मिली थी कि यहां बिकने वाली मिठाई में इल्लियां (कीट) पाई गई हैं। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की और वहां से गुलाब मैंगो चॉकलेट स्वीट, मिल्क केक, मैंगो चॉकलेट स्वीट और मटर मातृ एवं नमकीन सेव के सैंपल जब्त किए।

​डीबी मॉल के मैकडॉनल्ड पर भी जांच

सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायत के निराकरण के तहत प्रशासन ने एमपी नगर स्थित डीबी सिटी मॉल के मैकडॉनल्ड रेस्टोरेंट पर छापा मारा। जांच टीम ने यहां से उपयोग में लाए जा रहे खुले पामोलीन ऑयल, लूज फ्रेंच फ्राइज और पैक्ड मस्टर्ड सॉस के कुल 3 नमूने जांच के लिए संकलित किए।

​बैरागढ़ के किराना स्टोर्स पर भी कार्रवाई

इसके अलावा संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल करते हुए किराना दुकानों पर कार्रवाई की गई। टीम ने मोहनदास भोजराजमल किराना से सोयाबीन तेल, बजरंग किराना से सरसों का तेल और संबंधित मिठाई निर्माण इकाई से छेना का नमूना लिया।

​जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, सभी 10 नमूनों को सीलबंद कर जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI एक्ट 2006) के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!