अनूपपुर / भोपाल:

मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी ‘मिलेट स्टेट’ बनाने की दिशा में अनूपपुर जिला मजबूत भूमिका निभा रहा है। प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी करना, खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना और कुल सिंचाई रकबे को 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाना है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘कृषक कल्याण वर्ष-2026’ के तहत अनूपपुर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित करते हुए कही।

​मुख्यमंत्री ने कहा कि अनूपपुर प्राकृतिक जल स्रोतों से समृद्ध है और यहां केवई उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। सरकार ने यह भी तय किया है कि खेती के कार्यों के लिए किसानों को दिन के समय 10 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, राज्य में धान के साथ-साथ ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाजों (श्रीअन्न) के उपार्जन हेतु रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने किसानों से समय सीमा में अपना पंजीयन पूरा करने का आग्रह किया।

​गांवों में चौपाल लगाकर सुलझाई जाएं समस्याएं

डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि ‘सेवा-संकल्प अभियान’ के तहत गांव-गांव किसान चौपाल आयोजित की जाएं। इससे शासकीय योजनाओं की सही जानकारी किसानों तक पहुंचेगी और उनकी जमीनी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा। उन्होंने इस बात की सराहना की कि जिले के किसान अब परंपरागत फसलों के अलावा स्ट्रॉबेरी, मशरूम, बागवानी और उन्नत डेयरी फार्मिंग की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने अन्नदाताओं को सुझाव दिया कि वे अपने बच्चों को कृषि आधारित उद्योगों और नवाचारों से जोड़ें।

​ग्रामीणों के लिए मुफ्त रजिस्ट्री और बेहतर बस सेवा

संबोधन में मुख्यमंत्री ने बताया कि दूरस्थ ग्रामीण अंचलों की सुविधा के लिए ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ प्रारंभ की गई है। साथ ही, ग्रामीण आबादी के लिए निशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि संपत्ति संबंधी कागजी प्रक्रियाएं आसान हो सकें।

​प्रगतिशील कृषकों से अनुभव जाने

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के सफल किसानों से सीधा संवाद किया:

  • ​पुष्पराजगढ़ के कृषक रमेश सिंह और अरुण कुमार चन्द्रवंशी ने आधुनिक कृषि उपकरणों और सिंचाई से मिल रहे लाभ की जानकारी दी।
  • ​प्रेमलाल केवट ने जैविक व प्राकृतिक पद्धति से खेती के अपने अनुभव साझा किए।
  • ​रामभजन ने ‘खेत पाठशाला’ के प्रयोग बताए, वहीं माधव सिंह राठौर ने कृत्रिम गर्भाधान और वैज्ञानिक पशुपालन से बढ़े दूध उत्पादन की सफलता सामने रखी।

​मेधावी छात्रों और उन्नत कृषकों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में बेहतर उत्पादन व नवाचार के लिए किसान रामप्रमोद साहू, ओम प्रकाश जोगी, फत्तेलाल जयसवाल, जीवनलाल और जगदीश सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के प्रतिभावान विद्यार्थियों दुर्गेश्वरी कोल, दुर्गा सिंह, धनश्वरी देवी, शुभा द्विवेदी और आकाश सिंह मरावी को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र दिए गए।

​कार्यक्रम परिसर में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग द्वारा आधुनिक उपकरणों व उन्नत बीजों की विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, एसपी विक्रांत मुराब, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर और पूर्व जनपद अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!