विशेष रिपोर्ट

भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और बेहद भद्दे हमलों का सामना कर रही हैं। वजह है एक प्रमुख समाचार चैनल की गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग, जिसने एक महिला कलाकार की गरिमा को इंटरनेट पर बेरहमी से तार-तार होने के लिए छोड़ दिया।  

क्या है पूरा मामला?

ABP न्यूज़ द्वारा अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें थंबनेल और हेडलाइन लगाई गई: “नेहा सिंह राठौर वाले हॉस्टल में SX रैकेट? पुलिस ने मारा छापा!”* इस तरह की भ्रामक और सनसनीखेज हेडलाइन के साथ गायिका का नाम और तस्वीर जोड़कर पेश की गई।  

चैनल की गलती, लेकिन झेलना पड़ा एक महिला को

इस भ्रामक रिपोर्टिंग के सोशल मीडिया पर आते ही कुछ यूजर्स ने सारी सीमाएं लांघ दीं। कृष्णा राजपूत नाम के एक यूजर ने इस रिपोर्ट के आधार पर सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी करते हुए नेहा सिंह राठौर से उनका “रेट” तक पूछ डाला।  

इस शर्मनाक घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए नेहा सिंह राठौर ने उस टिप्पणी का स्क्रीनशॉट साझा किया और तीखे सवाल किए:

“ABP News तुम्हारी फेक न्यूज़ के बाद से मुझसे मेरा रेट पूछा जा रहा है। बोलो! मेरे इस मानसिक उत्पीड़न की कैसे भरपाई होगी? UP Police क्या आपको मेरे ऊपर होने वाली इस तरह की छींटाकशी से कोई फ़र्क़ पड़ता है? National Commission for Women ज़िंदा हो या मर गये? Ashwini Vaishnaw क्या आपको @ABPNews से कुछ नहीं कहना?”

पत्रकारिता और समाज की सोच पर बड़ा सवाल

यह घटना सिर्फ एक खबर की चूक भर नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि कैसे ‘क्लिक’ और ‘व्यूज’ की होड़ में मीडिया संस्थान बिना सोचे-समझे किसी महिला के सम्मान को दांव पर लगा देते हैं। वहीं दूसरी तरफ, यह समाज के उस वर्ग की कुत्सित मानसिकता को भी उजागर करता है जो किसी भी बहाने एक महिला का सम्मान करने के बजाय उसकी अस्मिता पर हमला करने और उसका ‘मोल’ लगाने पर उतर आता है।  

इस मामले में सोशल मीडिया पर लोग यूपी पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!