शहडोल। शहडोल जिले में 70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। भोपाल से वर्चुअली जुड़कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। यह राज्य स्तरीय खेल आयोजन 16 सितंबर से 19 सितंबर तक चलेगा।

​जनजातीय अंचल के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान: मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शहडोल ने ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ समेत कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि जिले में 3 बास्केटबॉल कोर्ट मौजूद हैं और यहां के विचारपुर जैसे ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों से निकले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

​मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारत वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है, साथ ही वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी देश प्रयासरत है। राज्य सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करें और तिरंगे का मान बढ़ाएं।

​खिलाड़ियों का शानदार मार्च पास्ट

उद्घाटन अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों व अधिकारियों ने कोर्ट पर पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

​कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस शुभारंभ समारोह में शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, शहडोल संभाग कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक श्री जय सिंह मरावी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!