​दमोह। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत दमोह जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में व्यापक स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा के साथ भाग लिया।

जिले के 700 से अधिक शासकीय एवं अशासकीय माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत की संकल्पना’ रखा गया था।

​कैनवास पर उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से स्वच्छ भारत, आधुनिक तकनीक, समृद्ध पर्यावरण और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को जीवंत रूप दिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी कलाकृतियों में दर्शाया कि आने वाले समय में वे अपने देश को किस ऊंचाई पर देखना चाहते हैं।

​शिक्षकों और अधिकारियों ने की सराहना

स्कूलों में आयोजित इस आयोजन को लेकर शिक्षकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में न केवल रचनात्मकता और कला कौशल का विकास होता है, बल्कि उनके भीतर राष्ट्र निर्माण और सेवा भाव की चेतना भी जागृत होती है। प्रतियोगिता के बाद उत्कृष्ट पेंटिंग बनाने वाले विद्यार्थियों की कलाकृतियों को स्कूल स्तर पर प्रदर्शित किया गया और बच्चों की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!