​ग्वालियर:

खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए ग्वालियर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने एजी ऑफिस के पास, श्रीराम कॉलोनी स्थित ‘द प्रभा इंटरनेशनल होटल’ पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान होटल में भारी अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने आगामी आदेश तक होटल की किचन को सील कर दिया और कारोबार बंद करा दिया।

एक ही फ्रीजर में रखा था शाकाहारी और मांसाहारी खाना

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री गिरीश राजौरिया के नेतृत्व में जब टीम ने होटल के किचन का औचक निरीक्षण किया, तो वहां वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ एक ही फ्रीजर में रखे मिले। इसके अलावा किचन में साफ-सफाई की भारी कमी थी और खाद्य सामग्री के भंडारण (स्टोरेज) की व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई।

​एक्सपायर्ड लाइसेंस पर चल रहा था होटल, सैंपल जांच के लिए भेजे

जांच में यह भी सामने आया कि होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस काफी समय पहले ही समाप्त (एक्सपायर) हो चुका था। बिना वैध लाइसेंस के संचालन और गंभीर लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत होटल का खाद्य कारोबार रुकवा दिया और किचन को सील कर दिया।

​मौके से टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने (सैंपल) एकत्र किए हैं, जिन्हें लैब टेस्ट के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!