​ओबेदुल्लागंज (रायसेन):

भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खस्ता हालत को लेकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा जा रहा है। ओबेदुल्लागंज स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आने-जाने वाले हजारों राहगीरों और वाहन चालकों की जान हर वक्त खतरे में बनी रहती है।

​गड्ढों में पौधे रोपकर जताया अनोखा विरोध

लापरवाह प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान खींचने के लिए स्थानीय युवाओं ने एक अनोखा तरीका अपनाया। प्रदर्शनकारियों ने ओवरब्रिज के जानलेवा गड्ढों में GSB मटेरियल डलवाया और वहां बेशर्म के पौधे रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर सरकार और स्थानीय विधायक के विकास के दावों पर कड़ा तंज कसा गया।

​विधायक के काफिले के गुजरने के बाद भी नहीं सुधरी सुध

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाल ही में क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र पटवा भी इसी रास्ते से गुजरे थे, लेकिन जनता की इस विकट समस्या पर उनका कोई ध्यान नहीं गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रोज हजारों लोग जान जोखिम में डालकर इस ओवरब्रिज से निकलते हैं और आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।

​जनता का सीधा सवाल: हादसे का जिम्मेदार कौन?

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि अगर इन गड्ढों की वजह से कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों को लेकर अब जनता में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी साफ दिखने लगी है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस ओवरब्रिज की तुरंत मरम्मत कराई जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!