इंदौर: अगर आप किसी बड़े और महंगे होटल में खाना खाने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए आंखें खोलने वाली है। शहर के जाने-माने सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 3 दिन पहले जब औचक निरीक्षण किया, तो रसोई और स्टोरेज का ऐसा सच सामने आया जिसने ग्राहकों की सेहत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में सामने आईं प्रमुख लापरवाहियां:

  • वेज और नॉन-वेज एक साथ: कोल्ड स्टोरेज में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को एक साथ रखा गया था। इसके अलावा करीब 66 किलो नॉन-वेज बिना किसी पैकिंग और निर्माण तिथि के पाया गया।
  • सड़ी-गली और फंगस वाली सामग्री: स्टोर में सड़े हुए टमाटर, सड़े आलू और फंगस लगी हुई मूंगफली मिली। उबले हुए आलू पर गलत एक्सपायरी डेट टैग थी और कई पैक्ड फूड पर कोई लेबल नहीं था।
  • मेन्यू में धोखा: ग्राहकों को फ्रोजन डेजर्ट दिया जा रहा था, जबकि मेन्यू कार्ड में उसे ‘आइसक्रीम’ बताकर बेचा जा रहा था।
  • गंदगी, कॉकरोच और चूहे: किचन और स्टोरेज एरिया में जिंदा चूहे, कॉकरोच और चूहों की लीद पाई गई। पैलेट्स के नीचे भी चूहों की मौजूदगी के पुख्ता संकेत मिले।
  • जंग और गंदगी भरा स्टोरेज: ड्राई और वेजिटेबल स्टोरेज में जंग लगी हुई थी। फर्श और दीवारों में दरारें थीं और गीले-सूखे कचरे के निपटान की कोई अलग व्यवस्था नहीं थी।
  • लाइसेंस और पैकेजिंग नियमों का उल्लंघन: शुगर के पाउच पर ‘सयाजी’ का नाम लिखा था, जो होटल के आधिकारिक लाइसेंस में दर्ज नहीं है। साथ ही कई टेट्रापैक लीक हालत में मिले।

मुनाफे की चमक में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़

महंगे होटलों में ग्राहक सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि अच्छी गुणवत्ता और स्वच्छता के भरोसे मोटी रकम खर्च करते हैं। इसके बावजूद सयाजी होटल में हाइजीन और खाद्य सुरक्षा के बुनियादी नियमों की अनदेखी होना यह साबित करता है कि ऊंची कीमत सुरक्षित खाने की गारंटी नहीं है। मामले में प्रशासन की ओर से नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!