रायसेन /24/08/2026

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को रायसेन में नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की आधुनिक कक्षाओं और विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप भी वितरित किए गए।

निजी स्कूलों से बेहतर बन रहे सरकारी स्कूल

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय की शुरुआत का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इस भवन में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशाला, खेल सुविधाएं, संगीत और पेंटिंग जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने की सीख दी।

ग्रामीण बच्चों को मिल रही तकनीकी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि रायसेन के अलावा सांची और गैरतगंज में भी सांदीपनि और पीएमश्री विद्यालय संचालित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को स्कूल तक आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए विशेष बस सेवा का संचालन भी किया जा रहा है।

मेधावी विद्यार्थियों को मिले लैपटॉप

समारोह के दौरान एमपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं की मेरिट सूची में स्थान पाने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, राकेश शर्मा सहित कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!