भोपाल। मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों के लिए 21 अक्टूबर का दिन बड़ी राहत लेकर आ रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा भोपाल स्थित रवींद्र भवन में अनुकंपा नियुक्ति आदेश वितरण और नवनियुक्त कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 21 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 938 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश सौंपेंगे।

655 सहायक ग्रेड-3, 26 शिक्षक और 257 भृत्यों को मिलेगी नियुक्ति

आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 938 पात्र अभ्यर्थियों को शासकीय सेवा में शामिल किया जा रहा है। इनमें:

 655 सहायक ग्रेड-3

 26 प्राथमिक शिक्षक

 257 भृत्य (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी)

आयुक्त के अनुसार, राज्य सरकार की यह संवेदनशील पहल दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में एक अहम कदम है।

आदेश वितरण के तुरंत बाद होगा प्रशिक्षण

कार्यक्रम में नियुक्ति आदेश मिलने के बाद सभी नवनियुक्त सहायक ग्रेड-3, प्राथमिक शिक्षकों और भृत्यों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन और प्रशिक्षण सत्र आयोजित होगा। इसके जरिए नवनियुक्त कर्मियों को विभागीय कार्यप्रणाली, सेवा नियमों और उनके पदीय दायित्वों की प्राथमिक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी सेवाएं शुरू कर सकें।

उत्कृष्ट काम करने वाले संभागीय अधिकारी होंगे सम्मानित

इस मौके पर विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संभागीय संयुक्त संचालक (JD) एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे विभागीय कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के प्रयासों को प्रोत्साहन मिल सके।

error: Content is protected !!