​भोपाल। गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अवधपुरी इलाके में सड़कों की जर्जर हालत और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्र के स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यपालक एजेंसियों और ठेकेदारों की लापरवाही पर गहरा असंतोष जताते हुए समय-सीमा में सुधार कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।

​राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने अवधपुरी स्थित आदर्श विहार, रीगल टाउन, सरला स्टेट, न्यू फोर्ट कॉलोनी और कंचन नगर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर जगह-जगह उभरे बड़े गड्ढों और खुले सीवेज नेटवर्क को देखकर उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

​नागरिकों की परेशानी बर्दाश्त नहीं: राज्यमंत्री

राज्यमंत्री ने दो टूक कहा कि निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों की शिथिलता का खामियाजा आम जनता को किसी भी कीमत पर भुगतने नहीं दिया जाएगा। आगामी त्योहारों को देखते हुए नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के गड्ढों को तत्काल मजबूत भराव के साथ ठीक करने के निर्देश दिए।

​दिन में न हो ट्रैफिक जाम, रात में करें संधारण कार्य

यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम मुख्य रूप से रात के समय किया जाए, ताकि दिन में आमजन को परेशानी न हो। साथ ही राजस्व और नगर निगम की टीम को जमीन का सीमांकन कर रास्तों से अतिक्रमण हटाने और आवश्यकतानुसार सड़कों का चौड़ीकरण करने को कहा।

​10 दिन की समय-सीमा और अवैध गोदाम पर एक्शन

  • ​स्ट्रीट लाइट व्यवस्था: क्षेत्र में बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को आगामी 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से चालू करने के आदेश दिए।
  • ​अवैध गोदाम सील: रहवासी क्षेत्र में नियमों के विरुद्ध संचालित हो रहे गोदाम को तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी कर सील करने के निर्देश दिए।

​राज्यमंत्री ने स्थानीय रहवासियों को आश्वस्त किया कि मानसून के तुरंत बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के स्थाई और गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण व पुनर्निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम भोपाल, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!