​भोपाल:

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) श्री जीतेंद्र शर्मा के नेतृत्व में नादरा बस स्टैंड और लालघाटी क्षेत्र में जोरदार चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक चले इस अभियान के बाद विभाग ने साफ कर दिया है कि अब नियम तोड़ने वाली बसों पर रोज ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रहेगी।

​17 बसों की जांच, खामियां मिलने पर कड़ा एक्शन

यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा और फायर सेफ्टी के ऑडिट के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में लगभग 17 बसों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान गंभीर लापरवाहियां सामने आने पर अधिकारियों ने तुरंत सख्त कदम उठाए:

  • ​2 बसें जब्त: बस क्रमांक MP 33P 3586 को वैध बीमा (Insurance) न होने और बस क्रमांक MP 20DA 2268 को परमिट शर्तों के सीधे उल्लंघन के चलते मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
  • ​2 बसों का फिटनेस निरस्त: सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली बस क्रमांक MP 04ZJ 9007 और MP 05P 0396 के इमरजेंसी गेट बंद पाए गए। आपातकालीन निकास बंद होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों बसों का फिटनेस तुरंत प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
  • ​जुर्माना वसूला: परमिट शर्तों के उल्लंघन और मोटर यान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 2 अन्य यात्री बसों पर कार्रवाई करते हुए 12000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

​रोजाना चलेगा चेकिंग अभियान

परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बस ऑपरेटरों को नियमों का पालन करना ही होगा। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी यह सघन चेकिंग अभियान रोजाना इसी तरह ताबड़तोड़ अंदाज में जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!