पानीपत। हरियाणा के पानीपत से एक हैरान करने वाला और बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। सड़क हादसे में पैर टूटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराई गई एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने बिना उनकी जानकारी और सहमति के महिला के दिल का ऑपरेशन कर दिया। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला गुड्डी देवी को सड़क दुर्घटना में पैर की हड्डी टूटने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतका के बेटे कुलदीप ने बताया कि 24 जुलाई को उन्होंने अपनी मां को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया था।

आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने परिवार को बिना कोई जानकारी दिए और बिना उनकी मर्जी (सहमति) के महिला के दिल का ऑपरेशन कर डाला। इलाज के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया।

फर्जी हस्ताक्षर और धमकी देने का आरोप

पीड़ित परिवार का दावा है कि अस्पताल ने सहमति पत्र (Consent Form) पर फर्जी हस्ताक्षर किए हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस गंभीर लापरवाही का विरोध किया और अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा, तो उन्हें डॉक्टरों और प्रबंधन की तरफ से धमकियां दी गईं।

पुलिस ने दर्ज की FIR

महिला की मौत और परिजनों के भारी विरोध के बाद पुलिस हरकत में आई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!