मुजफ्फरनगर:

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज ऑल इंडिया किसान कांग्रेस ने मुजफ्फरनगर से अपनी राष्ट्रव्यापी ‘किसान अधिकार यात्रा’ की औपचारिक शुरुआत की। यात्रा के शुभारंभ के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में भारी हलचल देखने को मिली, जहां पार्टी के कई शीर्ष नेता और बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता एकजुट हुए।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र गौतम (विधायक), सह-प्रभारी संजीव आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर यात्रा को हरी झंडी दिखाई।

“कृषि संकट केवल किसानों का नहीं, देश का राष्ट्रीय प्रश्न”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि देश में गहराता कृषि संकट सिर्फ अन्नदाता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण रोजगार और करोड़ों परिवारों के अस्तित्व से जुड़ा एक गंभीर राष्ट्रीय प्रश्न बन चुका है।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों का सम्मान, उनके बुनियादी अधिकार और उन्हें न्याय दिलाना है। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस एमएसपी की कानूनी गारंटी, कर्जमाफी, आवारा पशुओं से निजात, और फसलों के उचित मुआवजे जैसे ज्वलंत मुद्दों को गांव-गांव तक ले जाएगी।

सभा स्थल पर कार्यकर्ताओं और किसानों ने ‘जय जवान, जय किसान’ के जोरदार नारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। यह यात्रा मुजफ्फरनगर से शुरू होकर राज्य के विभिन्न ग्रामीण अंचलों से गुजरेगी और जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं को आवाज देगी।

error: Content is protected !!