आज घर से निकलने से पहले रहें सावधान, मुख्य मार्गों पर लग सकता है भारी जाम

नई दिल्ली: केंद्र की राजनीति में एक बार फिर भारी घमासान मच गया है। चुनाव आयोग के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं पर कथित बलप्रयोग और लाठीचार्ज के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने आज, 8 अक्टूबर को देशभर में “काला दिवस” मनाते हुए व्यापक विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी निर्देश के बाद सभी राज्यों, जिलों और ब्लॉक स्तरों पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर रहे हैं।  

मामला चुनाव आयोग से जवाबदेही मांगने के लिए निकाले जा रहे मार्च से जुड़ा है। कांग्रेस के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में INDIA गठबंधन के सांसद शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर की ओर कूच कर रहे थे। आरोप है कि केंद्र सरकार के इशारे पर पुलिस ने सांसदों को रास्ते में रोका और उन पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्रवाई में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई वरिष्ठ सांसद गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं।  

संविधान और लोकतंत्र पर हमला

कांग्रेस ने इस घटना को जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों और सीधे तौर पर भारतीय संविधान पर हमला करार दिया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि जब तक चुनाव आयोग की निष्पक्षता और अखंडता बहाल नहीं होती, तब तक यह राजनीतिक लड़ाई थमेगी नहीं।  

आज ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक चक्का जाम की तैयारी

AICC के आदेश के बाद देश की सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों, जिला और ब्लॉक कमेटियों को एकजुट होकर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं। आज गुरुवार को देश के हर कोने में कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे। पार्टी ने इस मुद्दे पर जनता से भी लोकतंत्र बचाने की मुहिम में साथ आने की अपील की है।

चेतावनी: अगर आप आज किसी जरूरी काम से घर से निकल रहे हैं, तो थोड़ा सावधान हो जाइए। कांग्रेस के देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन के चलते आज शहर के प्रमुख चौराहों, सरकारी दफ्तरों और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।  

error: Content is protected !!