विदिशा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विवेकानंद चौराहा स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्रावास की छात्राओं और अधीक्षिका ने मिलकर सामूहिक श्रमदान किया।

छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ छात्रावास परिसर की सफाई की। परिसर में उगे खरपतवार और अनावश्यक झाड़ियों को हटाकर आसपास के पूरे क्षेत्र को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया गया। छात्राओं ने खुद श्रमदान करके यह संदेश दिया कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार करने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

श्रम की गरिमा और जिम्मेदारी का लिया संकल्प

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ श्रम की गरिमा, सामूहिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करना रहा। परिसर की सफाई के साथ ही छात्राओं ने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने और परिसर को हमेशा साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस श्रमदान ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ के मंत्र को साकार किया।

error: Content is protected !!