भोपाल। राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां और मामा ने मिलकर 17 साल की नाबालिग लड़की की दुपट्टे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। ऑनर किलिंग की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिना किसी को बताए चुपचाप शव का अंतिम संस्कार करने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी मां कमला राय और मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया है। शादी की जिद पर शुरू हुआ था विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका 17 साल की नाबालिग थी। उसकी मां कमला राय अपनी मर्जी से उसकी शादी तय करना चाहती थी, लेकिन बेटी इसके लिए तैयार नहीं थी। वह किसी और से शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर घर में मां और बेटी के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मां कमला और उसके भाई (मृतका के मामा) विजय राय ने गुस्से में आकर दुपट्टे से लड़की का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सबूत मिटाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की थी तैयारी वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने मामले को छुपाने की पूरी साजिश रच ली थी। वे बिना पुलिस को सूचना दिए और बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए थे। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध परिस्थितियों में एक नाबालिग का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी सलाखों के पीछे सूचना मिलते ही पिपलानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेजा। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने साफ कर दिया कि लड़की की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसका गला घोंटा गया था। हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी मां कमला राय और मामा विजय राय टूट गए और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Share on Telegram (Opens in new window) Telegram Share on Threads (Opens in new window) Threads Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Post navigation देवनगर में विधायक और कलेक्टर ने की व्यापारियों के साथ बैठक, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश शहडोल में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: सुखाड़ नदी के तेज बहाव में फंसे 6 लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित निकाला, कलेक्टर खुद रख रहे थे निगरानी