नई दिल्ली: विदेश यात्रा की योजना बना रहे नागरिकों के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है। केंद्र सरकार ने करीब 14 साल बाद पासपोर्ट बनवाने और उसके नवीनीकरण (Reissue) की फीस में बड़ा इजाफा कर दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, ‘पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026’ आगामी 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में प्रभावी हो जाएंगे।

सरकार के इस फैसले के बाद सामान्य से लेकर तत्काल कैटेगरी और खोए हुए पासपोर्ट को दोबारा बनवाने का खर्च काफी बढ़ जाएगा। नए नियमों के मुताबिक, साधारण 36 पेज का नया पासपोर्ट बनवाने के लिए अब 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, तत्काल सेवा के तहत इसी पासपोर्ट के लिए 3,500 रुपये के बजाय 5,000 रुपये देने होंगे।

नीचे दी गई लिस्ट के माध्यम से आप आसानी से समझ सकते हैं कि 1 जुलाई 2026 से आपको किस सर्विस के लिए कितना शुल्क देना होगा:

  1. 36 पेज (नया/रिन्यू) – सामान्य
    पुरानी फीस: 1,500 रुपये | नई फीस: 2,500 रुपये | बढ़ोतरी: 1,000 रुपये
  2. 36 पेज (नया/रिन्यू) – तत्काल
    पुरानी फीस: 3,500 रुपये | नई फीस: 5,000 रुपये | बढ़ोतरी: 1,500 रुपये
  3. 60 पेज (नया/रिन्यू) – सामान्य
    पुरानी फीस: 2,000 रुपये | नई फीस: 3,500 रुपये | बढ़ोतरी: 1,500 रुपये
  4. 60 पेज (नया/रिन्यू) – तत्काल
    पुरानी फीस: 4,000 रुपये | नई फीस: 6,000 रुपये | बढ़ोतरी: 2,000 रुपये
  5. 36 पेज (खोया/खराब) – सामान्य
    पुरानी फीस: 3,000 रुपये | नई फीस: 5,000 रुपये | बढ़ोतरी: 2,000 रुपये
  6. 36 पेज (खोया/खराब) – तत्काल
    पुरानी फीस: 5,000 रुपये | नई फीस: 7,500 रुपये | बढ़ोतरी: 2,500 रुपये
  7. 60 पेज (खोया/खराब) – सामान्य
    पुरानी फीस: 3,500 रुपये | नई फीस: 6,000 रुपये | बढ़ोतरी: 2,500 रुपये
  8. 60 पेज (खोया/खराब) – तत्काल
    पुरानी फीस: 5,500 रुपये | नई फीस: 8,500 रुपये | बढ़ोतरी: 3,000 रुपये

नाबालिगों (Minors) के लिए तय की गई नई दरें:
मंत्रालय द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिग आवेदकों के लिए फ्रेश या री-इश्यू 36 पेज के पासपोर्ट की सामान्य फीस 1,750 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 4,250 रुपये तय की गई है। वहीं, बच्चों का पासपोर्ट खोने या खराब होने पर सामान्य कैटेगरी में 4,250 रुपये और तत्काल में 6,750 रुपये खर्च करने होंगे।

बुजुर्गों और बच्चों को फीस में राहत:
इस नए संशोधन में सरकार ने एक खास राहत भी दी है। 8 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा नए पासपोर्ट (Fresh Application) के लिए आवेदन करने पर मूल शुल्क में 10% की छूट दी जाएगी।

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2026 या उसके बाद सबमिट होने वाले सभी आवेदनों पर ये नई दरें ही लागू होंगी। यदि आप पुराने रेट का लाभ उठाना चाहते हैं, तो आपके पास 30 जून की रात तक का समय है।

error: Content is protected !!