अमृतसर:

पंजाब के अमृतसर में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कार के पास पहुंचते ही हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम को लोहारका रोड (प्रताप नगर क्षेत्र) के पास हुई। मैड संधू जब अपनी कार के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर 2 से 3 राउंड फायर झोंक दिए और मौके से फरार हो गए।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

गोलियों की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान हालत में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई और वजह है, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!