​ग्वालियर। शुष्क दिवस (ड्राई डे) के मौके पर ग्वालियर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर विभाग की टीमों ने जिले के कई इलाकों में दबिश देकर 13 मामले दर्ज किए। इस पूरी कार्रवाई में करीब 2.25 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त किए गए हैं।

​इन इलाकों में दी गई दबिश

आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में विशेष जांच दल गठित किए गए थे। टीमों ने हजीरा, तानसेन नगर, गोले का मंदिर, नारायण विहार कॉलोनी, बेला की बावड़ी, मामा का बाजार, स्टेशन रोड और डबरा क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की।

​बड़ी मात्रा में देसी-विदेशी मदिरा बरामद

कार्रवाई के दौरान हजीरा क्षेत्र से 12 बल्क लीटर देसी और 11 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब पकड़ी गई। वहीं प्रगति विहार कॉलोनी से 25 बल्क लीटर अंग्रेजी मदिरा बरामद की गई। इसके अलावा अन्य चिन्हित स्थानों से भी अवैध देसी-विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई।

​आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

मामले में आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!