भोपाल ।मध्य प्रदेश :

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए एक बहुत अच्छी और राहत भरी खबर है। प्रदेश में इस साल गेहूं का शानदार उत्पादन होने के बाद, केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीदी का कोटा बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुरोध पर केंद्र ने यह कोटा 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर सीधे 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया है।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दी जानकारी

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस अहम फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में गेहूं की पैदावार काफी बढ़ी है, जिसकी वजह से राज्य सरकार ने केंद्र से खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग की थी। केंद्र सरकार ने तत्परता दिखाते हुए राज्य की इस मांग को तुरंत स्वीकार कर लिया है।

पहले छोटे किसानों से होगी खरीदी

सरकार ने गेहूं खरीदी की प्रक्रिया को किसानों के लिए और भी आसान बनाने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार, गेहूं की सरकारी खरीदी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी:

• सबसे पहले छोटे किसानों से गेहूं खरीदा जाएगा।

• इसके बाद मध्यम वर्ग के किसानों का नंबर आएगा।

• और सबसे अंत में बड़े किसानों से खरीदी की जाएगी।

इस व्यवस्था से उन छोटे किसानों को बहुत फायदा होगा जिन्हें अपनी उपज बेचने और पैसे की सबसे जल्दी जरूरत होती है।

अन्नदाताओं की ओर से जताया आभार

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के बावजूद सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मध्य प्रदेश के किसानों के हित में लिए गए इस बड़े फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

error: Content is protected !!