नई दिल्ली/भोपाल:

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं। लेकिन इस बार परीक्षाओं से ज्यादा चर्चा कॉपी चेकिंग के नए पैटर्न की हो रही है। सीबीएसई ने इस साल 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए कॉपी चेकिंग की पूरी प्रक्रिया को बदल दिया है, जिसे जानना हर छात्र और अभिभावक के लिए बेहद जरूरी है।

अब रेड पेन नहीं, कंप्यूटर करेगा काम (Digital On-Screen Marking)

इस साल सीबीएसई ने कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं (Answer Sheets) की जांच के लिए ‘डिजिटल ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (OSM) सिस्टम लागू किया है।

इसका मतलब है कि अब शिक्षक छात्रों की कॉपियों पर लाल पेन से गोला नहीं बनाएंगे। इसके बजाय:

1. परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियों को स्कैन किया जाएगा।

2. स्कैन की गई कॉपियां शिक्षकों की कंप्यूटर स्क्रीन पर खुलेंगी।

3. शिक्षक कंप्यूटर पर ही माउस और कीबोर्ड की मदद से नंबर देंगे।

बोर्ड का मानना है कि इससे ‘टोटलिंग एरर’ (नंबर जोड़ने में गलती) की गुंजाइश पूरी तरह खत्म हो जाएगी और रिजल्ट भी जल्दी घोषित किए जा सकेंगे।

10वीं और 12वीं के नियम अलग-अलग

यह डिजिटल बदलाव फिलहाल सिर्फ 12वीं कक्षा के लिए है। 10वीं कक्षा के छात्रों की कॉपियां अभी भी पुराने तरीके से (मैनुअल) शिक्षकों द्वारा हाथ से ही चेक की जाएंगी।

साइंस स्टूडेंट्स के लिए बड़ी चेतावनी: गलती की तो नंबर कटेंगे!

नए सिस्टम के तहत साइंस स्ट्रीम (Physics, Chemistry, Biology) के पेपर में भी बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार छात्रों को सेक्शनल बुकलेट (Sectional Booklets) मिल सकती हैं।

• नियम: फिजिक्स के सवाल का जवाब फिजिक्स वाले सेक्शन में और केमिस्ट्री का जवाब केमिस्ट्री वाले सेक्शन में ही लिखना होगा।

• सावधानी: अगर किसी छात्र ने फिजिक्स का उत्तर केमिस्ट्री वाली जगह पर लिख दिया, तो डिजिटल सिस्टम उसे स्कैन नहीं करेगा और वह उत्तर चेक नहीं हो पाएगा। इसलिए छात्र लिखते समय जगह का विशेष ध्यान रखें।

छात्रों को क्या फायदा होगा?

डिजिटल चेकिंग का सबसे बड़ा फायदा यह है कि रिजल्ट में देरी नहीं होगी। कंप्यूटर सॉफ्टवेयर खुद सभी नंबरों को जोड़ेगा, जिससे मानवीय भूल (Human Error) नहीं होगी और छात्रों को री-चेकिंग (Re-checking) के झंझट से भी मुक्ति मिलेगी।

सीबीएसई ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों को एडमिट कार्ड बांटते समय इन बदलावों की जानकारी जरूर दी जाए।

ये भी पढ़ें:

10वीं के छात्रों के लिए खुशखबरी: इस साल से दो बार होंगी बोर्ड परीक्षाएं, बेस्ट स्कोर ही होगा फाइनल।

• 17 फरवरी से शुरू हो रहे एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी, स्कूल से करें संपर्क।

error: Content is protected !!