रायसेन। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और वैचारिक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय, रायसेन में जिला स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा मुख्य रूप से शामिल हुए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। जिले के विभिन्न स्कूलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पना और रंगों के जरिए भारत के भविष्य की सुंदर तस्वीर पेश की। चित्रों में विकसित भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, विज्ञान व तकनीक और आत्मनिर्भर भारत जैसे अहम विषयों को बारीकी से दर्शाया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की कला की सराहना की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, नागरिक जिम्मेदारियों और शिक्षा व नवाचार के महत्व पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ मंच से अपने सपनों के भारत का खाका खींचा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने का काम करती हैं। नई पीढ़ी का यह उत्साह साबित करता है कि वे आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में पूरी तरह सजग हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Share on Telegram (Opens in new window) Telegram Share on Threads (Opens in new window) Threads Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Post navigation कलेक्टर ने अमोदा में शासकीय राशन दुकान का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था का लिया जायजा ब्लिंकिट(Blinkit) के स्टोर पर मिली फफूंद लगी ब्रेड, फूड अड्डा रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी का सैंपल जब्त