उज्जैन: शहर के चिमनगंज थाना क्षेत्र में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कानीपुरा मार्ग स्थित लक्की ढाबे पर बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच बातचीत के दौरान हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियारों से हमला कर दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया।

समझौते के दौरान भड़का विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब 8 दिन पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने और राजीनामा करने के उद्देश्य से दोनों पक्ष लक्की ढाबे पर बैठे थे। इसी दौरान बातचीत में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते आरोपियों ने तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया।

हमले में इनकी हुई मौत

इस खूनी संघर्ष में ढाबा संचालक जीतू ठाकुर उर्फ जितेंद्र पंवार (35 वर्ष) और राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42 वर्ष) की मौके पर ही गंभीर चोटें आने से मौत हो गई। इसके अलावा कुछ अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों का चक्काजाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने मक्सी रोड स्थित पांड्याखेड़ी चौराहे पर शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा और समझाइश देकर यातायात बहाल कराया।

कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपियों समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!