भोपाल | रायसेन:

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए एक बहुत अच्छी और राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गेहूं खरीदी (उपार्जन) को लेकर एक अहम बैठक की है। इस बैठक में तय हुआ है कि किसान अपनी गेहूं की फसल बेचने के लिए 7 अप्रैल से ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे।

कब से शुरू होगी खरीदी?

• 10 अप्रैल से: भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में गेहूं की खरीदी शुरू हो जाएगी।

• 15 अप्रैल से: जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, सागर और बाकी संभागों में खरीदी शुरू होगी।

स्लॉट बुकिंग के जरिए किसान खुद यह चुन सकेंगे कि उन्हें किस दिन अपना गेहूं लेकर खरीदी केंद्र पर जाना है।

छोटे किसानों को मिलेगा पहला मौका

बैठक में सीएम मोहन यादव ने साफ निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों पर सबसे पहले छोटे किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा। इसके बाद मध्यम और बड़े किसानों की फसल ली जाएगी। सरकार की कोशिश है कि छोटे किसानों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े और उनका काम आसानी से हो जाए।

किसानों को मिलेगा 2625 रुपये प्रति क्विंटल का दाम

इस साल किसानों को गेहूं का अच्छा दाम मिलने वाला है। सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य (MSP) 2625 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसमें मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से मिलने वाला 40 रुपये का बोनस भी शामिल है।

बारदाने की कोई कमी नहीं, तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को कोई भी दिक्कत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में बारदाने (बोरियों) की कोई कमी नहीं है। सभी कलेक्टरों को 10 अप्रैल से पहले खरीदी केंद्रों और तौल कांटों को अच्छे से चेक करने के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि वजन में कोई गड़बड़ी न हो।

आपको बता दें कि साल 2026-27 के लिए प्रदेश में लगभग 19,04,644 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। इसके लिए पूरे राज्य में 3627 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं।

error: Content is protected !!