कोटा:

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति को राजस्थान की कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और धमकी भरा वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राज सिंह आमेरा को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक युवक गले में भाजपा का पटका डाले हुए राहुल गांधी और कांग्रेस सांसदों को सरेआम गोली मारने की धमकी दे रहा था। खुद को ‘करणी सेना’ का राष्ट्रीय प्रवक्ता बताने वाले इस शख्स का वीडियो सामने आते ही बवाल मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा के बोरखेड़ा थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

आरोपी निकला आदतन अपराधी

पुलिस प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी राज सिंह आमेरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351, 352 और 353 के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसमें आपराधिक धमकी देना और लोक शांति भंग करना शामिल है। पुलिस जांच में एक और बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आरोपी राज सिंह आदतन अपराधी है। कोटा के उद्योग नगर थाने में उसके खिलाफ पहले से ही 4 अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भाजपा और करणी सेना ने झाड़ा पल्ला

वीडियो में आरोपी के भाजपा का पटका पहनने और करणी सेना का पदाधिकारी होने का दावा करने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। हालांकि, विवाद बढ़ता देख भारतीय जनता पार्टी और करणी सेना, दोनों ही संगठनों ने आधिकारिक बयान जारी कर इस मामले से किनारा कर लिया है। दोनों संगठनों ने स्पष्ट किया है कि आरोपी राज सिंह आमेरा का उनसे या उनके संगठन से कोई संबंध नहीं है।

फिलहाल, पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस भड़काऊ वीडियो को बनाने और वायरल करने के पीछे के असली मकसद का खुलासा हो सके।

error: Content is protected !!