पिथौरागढ़ (उत्तराखंड):

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में स्थित प्रसिद्ध चंडिका मंदिर के पास से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खतरनाक स्टंट करते समय सीधे नदी में गिरता हुआ नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर परिसर के पास ऊंचाई वाले हिस्से पर युवक जोखिम भरा करतब दिखाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और हाथ छूटने की वजह से वह सीधे नीचे बह रही नदी में जा गिरा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।

हालांकि, यह घटना किस तारीख की है और हादसे के बाद युवक की स्थिति कैसी है, इसको लेकर अभी तक स्थानीय प्रशासन या पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग वायरल वीडियो की सत्यता की जांच में जुटे हैं।

खतरनाक स्टंट से बचें

पहाड़ी क्षेत्रों, नदियों के किनारों और ऊंचाई वाले धार्मिक स्थलों पर रील बनाने या स्टंट करने का चलन जानलेवा साबित हो रहा है। सोशल मीडिया पर थोड़े से लाइक्स और व्यूज के चक्कर में अपनी जान को जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है। सुरक्षा नियमों का पालन करें और ऐसी खतरनाक हरकतों से दूर रहें।

error: Content is protected !!